चुनाव परिणाम के बाद बड़ी खबर: दीपक बैज की विदाई तय, सिंहदेव बन सकते हैं छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष ?

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा बदलाव: दीपक बैज की विदाई तय, सिंहदेव को मिल सकती है कमान !
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव परिणाम के बीच कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की चर्चा जोरों पर है। खासकर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद यह अटकलें और तेज हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की जल्द ही विदाई तय मानी जा रही है, क्योंकि हाईकमान ने उनके स्थान पर नए अध्यक्ष की नियुक्ति का फैसला ले लिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा? इसको लेकर विभिन्न नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा टीएस सिंहदेव की हो रही है। सूत्रों की मानें तो पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सिंहदेव के नाम पर सहमति बना ली है।
इस अटकल को तब और बल मिला जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने बयान दिया कि अगला विधानसभा चुनाव सिंहदेव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि दीपक बैज की विदाई लगभग तय है और सिंहदेव ही नए अध्यक्ष होंगे।
कुछ कांग्रेस नेताओं ने यह भी दावा किया है कि इस बदलाव की आधिकारिक घोषणा कभी भी हो सकती है और देर शाम तक ऐलान संभव है। अब सबकी निगाहें हाईकमान पर टिकी हैं कि चर्चाओं पर विराम कब लगता है और नया नेतृत्व कब सामने आता है।