Chhattisgarh Nikay Chunav 2025: भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर सुनील सोनी का बड़ा बयान, कहा- कांग्रेस के ‘अंत की शुरुआत’

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है। वहीं, इस बड़े चुनावी नतीजे पर भाजपा विधायक सुनील सोनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे कांग्रेस के ‘अंत की शुरुआत’ करार दिया।
सुनील सोनी ने कहा कि नतीजों का रुख पहले से साफ था, और इसी वजह से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आधी रात दिल्ली बुला लिया गया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब पार्टी इतनी बिखर चुकी है कि इसे छत्तीसगढ़ में दोबारा खड़ा करने में दशकों लग जाएंगे।
कांग्रेस द्वारा ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने पर भी सुनील सोनी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को जनता का जनादेश स्वीकार करना चाहिए, लेकिन वे हार के बाद सिर्फ बहाने बना रहे हैं। जनता ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि वे अब कांग्रेस को खारिज कर चुके हैं।”
गौरतलब है कि इस निकाय चुनाव में भाजपा ने 6 नगर निगमों में जीत दर्ज कर विपक्ष को करारा झटका दिया है। इन नतीजों ने प्रदेश की राजनीतिक फिजा बदलने के संकेत दे दिए हैं, जिससे आने वाले चुनावों पर भी इसका असर पड़ सकता है।