कुनकुरी नगर पंचायत में कांटे की टक्कर: कांग्रेस के विनयशील ने अध्यक्ष पद पर दर्ज की जीत, भाजपा को झटका
जशपुर (शिखर दर्शन) // नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के वर्चस्व के बीच कुनकुरी नगर पंचायत से कांग्रेस के लिए राहत भरी खबर आई है। कांटे की टक्कर में कांग्रेस प्रत्याशी विनयशील ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर ली। भाजपा प्रत्याशी सुदबल राम यादव की मांग पर दोबारा मतगणना कराई गई, लेकिन इसमें भी कांग्रेस प्रत्याशी की बढ़त बरकरार रही।
81 वोटों से मिली जीत, भाजपा की आपत्ति के बाद दोबारा हुई गणना
कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के विनयशील और भाजपा के सुदबल राम यादव के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। सुबह 9 बजे से शुरू हुई मतगणना के दौरान दोनों प्रत्याशियों के बीच बेहद करीबी अंतर बना रहा। आखिरकार, विनयशील ने महज 81 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस परिणाम पर भाजपा प्रत्याशी ने आपत्ति जताते हुए रिकाउंटिंग की मांग की। दोबारा मतगणना के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत बरकरार रही, जिससे भाजपा को बड़ा झटका लगा।
वार्डों में भी कांटे की टक्कर
नगर पंचायत के 15 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इनमें भाजपा ने 8 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के खाते में 7 वार्ड गए। कुल मिलाकर, इस निकाय चुनाव में कुनकुरी की जनता ने मिश्रित जनादेश दिया, लेकिन अध्यक्ष पद पर कांग्रेस को स्पष्ट जीत दिलाई।
कांग्रेस के लिए राहत, भाजपा के लिए चुनौती
भाजपा के लिए यह परिणाम एक झटका माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी का कुनकुरी में मजबूत आधार रहा है। कांग्रेस की जीत से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं भाजपा अब इस हार की समीक्षा में जुट गई है।