बिलासपुर संभाग

Chhattisgarh Nikay Chunav 2025: मतगणना से पहले महापौर प्रत्याशियों ने प्रभु की शरण ली, जीत के लिए की विशेष प्रार्थना

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बिलासपुर नगर निगम चुनाव की मतगणना से पहले शहर में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। भाजपा और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में परिणाम से पहले दोनों प्रत्याशियों ने ईश्वर की शरण में पहुंचकर जीत के लिए आशीर्वाद मांगा।

कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक ने संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ रहेगा और उनकी पार्टी न केवल महापौर पद पर विजयी होगी, बल्कि पार्षदों के बहुमत से भी नगर निगम में कांग्रेस का परचम लहराएगा। उन्होंने शहर के विकास का संकल्प लेते हुए कहा कि बिलासपुर को छत्तीसगढ़ का सबसे सुंदर शहर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डों के विकास को प्राथमिकता देने के लिए वे प्रतिबद्ध रहेंगे।

वहीं, भाजपा की महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी ने भी मंदिर में माथा टेककर विजय की प्रार्थना की। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और नगर निगम में उनकी पार्टी मजबूत स्थिति में होगी। पूजा विधानी ने विश्वास जताया कि मतगणना के बाद बिलासपुर में भाजपा की सरकार बनेगी और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

शहर में मतगणना को लेकर राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है। सभी की निगाहें अब चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं, जो तय करेंगे कि अगले पांच सालों तक बिलासपुर की कमान किसके हाथ में होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button