IPL 2025: रजत पाटीदार बने आरसीबी के नए कप्तान, जानिए 5 बड़ी वजहें

आईपीएल 2025 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रजत पाटीदार को नया कप्तान नियुक्त किया है। 13 फरवरी को फ्रेंचाइजी ने इस फैसले का ऐलान किया, जिसने फैंस को हैरानी में डाल दिया, क्योंकि विराट कोहली कप्तानी की रेस में सबसे आगे माने जा रहे थे। तो आखिर क्यों आरसीबी ने कोहली को छोड़कर रजत पाटीदार को कप्तानी सौंपी? इसके पीछे 5 प्रमुख कारण हैं।
1. विराट कोहली ने दिया समर्थन
विराट कोहली खुद कप्तानी की दौड़ से हट गए और रजत के नाम पर सहमति जताई। फ्रेंचाइजी ने कोहली से चर्चा के बाद यह फैसला लिया। कोहली ने फैंस से भी अपील की कि वे रजत का समर्थन करें और उनके नेतृत्व में टीम को आगे बढ़ने दें।
2. युवा नेतृत्व में देख रही भविष्य
कोहली 37 साल के हो चुके हैं, जबकि रजत 31 के हैं। आरसीबी अपने भविष्य के कप्तान के रूप में उन्हें देख रही है। युवा नेतृत्व टीम के लिए दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है, जिससे कप्तानी का स्थायित्व मिल सके।
3. कप्तानी के लिए कोई अन्य दावेदार नहीं
रजत 2021 से आरसीबी का हिस्सा हैं और टीम के माहौल को अच्छे से समझते हैं। उनके अलावा कोई और दावेदार नहीं था। कोहली के समर्थन के बाद उनकी राह और आसान हो गई।
4. बेहतरीन कप्तानी रिकॉर्ड
रजत घरेलू क्रिकेट में मध्यप्रदेश के कप्तान रहे हैं और उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। टी20 में उनकी आक्रामक कप्तानी ने उन्हें एक बेहतरीन लीडर साबित किया है। उन्होंने अपनी कप्तानी में 16 में से 12 मैचों में जीत दर्ज की है।
5. दबावमुक्त खेल की क्षमता
रजत दबाव में भी बेखौफ अंदाज में खेलते हैं। हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्यप्रदेश की कप्तानी करते हुए 186 के स्ट्राइक रेट से 428 रन बनाए और 5 अर्धशतक जड़े। उनकी यह खासियत आरसीबी को पसंद आई और उन्हें कप्तानी सौंपने का बड़ा कारण बनी।
रजत पाटीदार को आरसीबी की कप्तानी मिलने से टीम को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि उनकी कप्तानी में टीम कैसा प्रदर्शन करती है।