शिवरीनारायण मेले में सुरक्षा पर सवाल: पहले ही दिन चाकूबाजी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

जांजगीर-चांपा (शिखर दर्शन) // शिवरीनारायण मेले में बुधवार को हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवाद के चलते दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना कैसे घटी ?
सूत्रों के मुताबिक, बलौदाबाजार जिले के मोहतरा गांव से कुछ युवक मेले में घूमने आए थे। भीड़ के बीच अन्य युवकों से हल्की टक्कर होने पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि दर्जनभर युवकों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया और चाकू चलने लगे। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद शिवरीनारायण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई संदेहियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इनमें से अधिकतर युवक नाबालिग हैं। पुलिस पूछताछ में जुटी है और झगड़े की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।
इस वारदात ने मेले में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। इतने बड़े धार्मिक आयोजन में जहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, वहां इस तरह की घटना होना चिंताजनक है। सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क था? क्या इस घटना से सबक लेते हुए पुलिस आगे की व्यवस्था को और मजबूत करेगी ताकि भविष्य में इस तरह की वारदात न हो ?



