महाकुंभ में आस्था की डुबकी: CM साय समेत पूरा मंत्रिमंडल संगम में स्नान कर मां गंगा से की छत्तीसगढ़ की खुशहाली की प्रार्थना

प्रयागराज (शिखर दर्शन) // महाकुंभ के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने मंत्रिमंडल, सांसदों और विधायकों के साथ प्रयागराज पहुंचे। सभी ने आस्था और श्रद्धा के साथ संगम में डुबकी लगाई। मुख्यमंत्री साय अपने मंत्रिमंडल और विधायकों के साथ क्रूज के जरिए संगम तट पहुंचे और पवित्र स्नान कर मां गंगा से छत्तीसगढ़ की समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।
महाकुंभ स्नान में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री, बीजेपी विधायक, सांसद और कांग्रेस के छह विधायक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज छत्तीसगढ़ का मंत्रिमंडल, विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के विधायक भी प्रयागराज पहुंचे हैं। संगम में पुण्य स्नान कर हम छत्तीसगढ़ की समृद्धि और विकास के लिए मां गंगा से आशीर्वाद मांगेंगे।”

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने प्रयागराज यात्रा को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस पावन भूमि को वंदन करने जा रही हैं। उन्होंने कहा, “नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ वापस लौटेंगे और विश्वास के साथ आस्था को आगे बढ़ाएंगे। मां गंगा से सीएम साहब के उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर जनता से जुड़े रहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करूंगी।”

महाकुंभ में पूरे मंत्रिमंडल की यह उपस्थिति राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था को दर्शाती है। संगम में पुण्य स्नान के बाद मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य छत्तीसगढ़ लौटेंगे, जहां वे नई ऊर्जा और विश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।