रायपुर संभाग

महाकुंभ में छत्तीसगढ़ के नेता: मुख्यमंत्री साय बोले – संगम में स्नान कर करेंगे प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना

रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री, भाजपा के विधायक, सांसद और कांग्रेस के छह विधायक आज प्रयागराज रवाना हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल, विधानसभा अध्यक्ष और कांग्रेस के विधायक भी संगम स्नान के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “संगम में स्नान कर पुण्य के भागी बनेंगे और मां गंगा से छत्तीसगढ़ की समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे।”

योगी आदित्यनाथ के निमंत्रण पर महाकुंभ यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में शामिल होने का न्योता दिया था, जिसके लिए वे उनका आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा, “प्रयागराज में छत्तीसगढ़ का विशेष पवेलियन बनाया गया है, जहां प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है।”

कांग्रेस विधायकों की उपस्थिति पर सीएम की प्रतिक्रिया

कांग्रेस के छह विधायकों के महाकुंभ जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, “कुछ विधायक हमारे साथ जा रहे हैं, यह अच्छी बात है।” उन्होंने इसे आध्यात्मिकता और आस्था का विषय बताया।

नई ऊर्जा के साथ लौटेंगे: कौशल्या देवी

मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने प्रयागराज यात्रा को लेकर अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा, “हम प्रयागराज की पुण्यभूमि का वंदन करने जा रहे हैं। वहां से नई ऊर्जा लेकर लौटेंगे और आस्था को और आगे बढ़ाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि मां गंगा से मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की जनता के कल्याण की कामना करेंगी। कौशल्या देवी ने मुख्यमंत्री साय की जनता से गहरी जुड़ाव की भावना को लेकर कहा, “सीएम साहब रात दो बजे तक लोगों से मिलते रहते हैं। हम प्रार्थना करेंगे कि उनकी ऊर्जा बनी रहे और वे इसी तरह जनता के बीच काम करते रहें।”

छत्तीसगढ़ का महाकुंभ से गहरा नाता

महाकुंभ में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की भागीदारी ऐतिहासिक रही है। इस बार सरकार और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से यह धार्मिक यात्रा और भी खास बन गई है। संगम स्नान के साथ प्रदेश के नेताओं की यह आध्यात्मिक यात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्धि और जनता के कल्याण की मंगलकामनाओं से परिपूर्ण रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button