बीच शहर में दिनदहाड़े चाकू से हमला, 50 हजार की लूट: दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार

जबलपुर (शिखर दर्शन) // शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से हमला कर 50 हजार रुपये लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
हमले और लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद
घटना फूटाताल क्षेत्र की है, जहां पांच बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और 50 हजार रुपये समेत उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित दुकान की वसूली का पैसा लेकर जा रहा था, तभी घात लगाए बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पर ताबड़तोड़ वार करते दिख रहे हैं।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पुलिस जांच में पता चला है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया था। हनुमानताल थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी की तलाश जारी है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच कर रहे अधिकारी कनक सिंह बघेल ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
