उत्तरप्रदेश

प्रयागराज कुंभ: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बेटे संग लगाई आस्था की डुबकी, कहा- यह राजनीतिक नहीं, श्रद्धा का विषय

भोपाल / प्रयागराज //(शिखर दर्शन) // प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। आम हो या खास, हर कोई त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी अपने बेटे जयवर्धन सिंह के साथ महाकुंभ में पहुंचे। उन्होंने माघ पूर्णिमा के अवसर पर संगम में स्नान कर देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की।

“यह आस्था का विषय है, इसे इवेंट नहीं मानना चाहिए”

संगम स्नान के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा, “हर व्यक्ति को अपनी आस्था बनाए रखनी चाहिए। मैं पिछले तीन कुंभ में भी स्नान के लिए आया था। मेरे लिए यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है, बल्कि श्रद्धा और आस्था का विषय है।”

महाकुंभ में हाल ही में हुए हादसे पर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि “अगर व्यवस्थाएं सही होतीं, तो जाम की स्थिति नहीं बनती। कुंभ को इवेंट के रूप में नहीं, बल्कि श्रद्धा के रूप में देखना चाहिए।” उन्होंने मौनी अमावस्या पर हुई दुर्घटना के मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

जयवर्धन सिंह ने मांगा आशीर्वाद

इस दौरान उनके बेटे जयवर्धन सिंह ने भी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने अपने X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा, “आज प्रयागराज में पिताजी दिग्विजय सिंह के साथ महाकुंभ माघ पूर्णिमा के पावन दिन पर त्रिवेणी संगम में स्नान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मां गंगा, यमुना, सरस्वती, सूर्यदेव, पितरों और देवी-देवताओं की कृपा सदैव बनी रहे।”

महाकुंभ में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु संगम स्नान कर रहे हैं। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, संत-महात्माओं के प्रवचन और अखाड़ों की पेशवाई से प्रयागराज आस्था और आध्यात्मिकता के रंग में रंगा हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button