महाराष्ट्र की सियासत में हलचल! एकनाथ शिंदे का उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका, मातोश्री के करीबी नेता ने छोड़ा साथ, शिंदे गुट में होंगे शामिल

उद्धव ठाकरे को एकनाथ शिंदे का बड़ा झटका, शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व विधायक राजन सालवी ने दिया इस्तीफा
मुंबई (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र की सियासत में उठा-पटक का दौर जारी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) को एक और करारा झटका दिया है। शिवसेना (यूबीटी) के कद्दावर नेता और रत्नागिरी जिले से पूर्व विधायक राजन सालवी ने बुधवार (12 फरवरी) को पार्टी के उपनेता पद से इस्तीफा दे दिया। माना जा रहा है कि वह गुरुवार (13 फरवरी) दोपहर 3 बजे एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल होंगे।
मातोश्री के करीबी थे राजन सालवी
राजन सालवी को उद्धव ठाकरे का कट्टर समर्थक और मातोश्री का वफादार नेता माना जाता था। उन्होंने रत्नागिरी जिले के लांजा, राजापुर और सखारपा इलाकों में शिवसेना की मजबूत पकड़ बनाई थी। उनके समर्थकों का इस क्षेत्र में बड़ा जनाधार है।
शिंदे का ‘ऑपरेशन उद्धव’ जारी
एकनाथ शिंदे द्वारा उद्धव ठाकरे को झटके पर झटके देने का सिलसिला जारी है। इससे पहले भी कई शिवसेना (यूबीटी) के नेता शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं। महाराष्ट्र की राजनीति में देवेंद्र फडणवीस की बैकडोर मीटिंग्स, शरद पवार की नाराजगी और महाविकास अघाड़ी में बढ़ती तकरार के बीच यह घटनाक्रम अहम माना जा रहा है।
महाराष्ट्र की राजनीति में आगे क्या होगा? क्या उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी को टूट से बचा पाएंगे, या एकनाथ शिंदे उन्हें पूरी तरह खत्म करने के इरादे में सफल होंगे? यह देखने वाली बात होगी।