मध्यप्रदेश

इंस्टाग्राम पर तस्वीरें अपलोड करता था, करता था पीछा… नाबालिग ने की आत्महत्या, परिजनों ने पड़ोसी युवक पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

गुना ( शिखे दर्शन ) // शहर में एक नाबालिग ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से उनकी बेटी का पीछा करता था, इंस्टाग्राम पर तस्वीरें डालता था। इतना ही नहीं बेटी के साथ दुष्कर्म भी किया, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया है। परिजनों ने युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन भी किया है।

यह पूरा मामला कैंड थाना क्षेत्र का है। कुशमोदा की नगाड़ा कॉलोनी में रहने वाली 17 वर्षीय लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतिका के पिता ने पड़ोस के ही रहने वाले युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक नाबालिग का पीछा करता था और उसकी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर डालता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।

घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने हनुमान चौराहे पर जाम लगा दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। वहीं पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। वहीं इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!