Blog

चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, रेलवे ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर , पहुंचाया अस्पताल

हटिया (शिखर दर्शन) // सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस से रांची आ रही एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया। जैसे ही इसकी जानकारी रेलवे प्रशासन को मिली, तुरंत हरकत में आते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिससे ट्रेन बिना किसी देरी के हटिया रेलवे स्टेशन तक पहुंच सके। वहां पहले से मौजूद मेडिकल टीम ने महिला और नवजात को प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।

राउरकेला से शुरू हुई प्रसव पीड़ा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊषा देवी नाम की महिला यात्री सूरत से रांची जा रही थीं। राउरकेला स्टेशन पार करने के बाद उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन में मौजूद सहयात्रियों ने तुरंत रेलवे प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर बाद, महिला ने ट्रेन में ही बेटी को जन्म दिया।

रेलवे ने दिखाई तत्परता, ग्रीन कॉरिडोर किया तैयार

जैसे ही रेलवे को घटना की सूचना मिली, रांची रेल मंडल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर रेलवे स्टेशन पर प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इसके साथ ही ट्रेन को बिना किसी बाधा के सीधे हटिया स्टेशन तक पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिससे महिला यात्री को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सके।

हटिया स्टेशन पर मेडिकल टीम पहले से थी तैनात

ट्रेन के हटिया स्टेशन पहुंचने से पहले ही वहां मेडिकल टीम तैनात कर दी गई थी। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रुकी, डॉक्टरों की टीम ने तुरंत महिला और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंडल रेल अस्पताल, हटिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि मां और बच्ची दोनों सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

रेलवे प्रशासन की तत्परता सराहनीय

रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम निशांत कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन हमेशा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहता है। इस मामले में भी रेलवे टीम ने त्वरित निर्णय लेते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि यह टीम वर्क और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

रेलवे की इस तत्परता और यात्रियों की जागरूकता के चलते चलती ट्रेन में एक सुरक्षित प्रसव संभव हो सका।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!