पीएम मोदी और इमैनुएल मैक्रों मार्से पहुंचे, थर्मोन्यूक्लियर प्रोजेक्ट का करेंगे दौरा, सैनिकों को देंगे श्रद्धांजलि, द्विपक्षीय वार्ता में कई परियोजनाओं पर लगेगी मुहर

मार्से (फ्रांस) (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने फ्रांस दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मार्से पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने इंटरनेशनल थर्मोन्यूक्लियर एक्सपेरिमेंटल रिएक्टर (ITER) प्रोजेक्ट का दौरा किया। इसके अलावा, वे प्रथम विश्व युद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मजारग्यूज वॉर सिमेट्री भी गए।

द्विपक्षीय वार्ता से पहले मार्से में भारत के वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच वार्ता हुई, जिसमें रक्षा, ऊर्जा, तकनीक और व्यापार से जुड़े कई अहम समझौतों पर चर्चा हुई।
भारत-फ्रांस CEO फोरम में बोले पीएम मोदी: भारत निवेश के लिए पसंदीदा जगह

इससे पहले पीएम मोदी ने 14वें भारत-फ्रांस सीईओ फोरम में भाग लिया और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “भारत तेजी से वैश्विक निवेश के लिए पसंदीदा स्थान बनता जा रहा है।” उन्होंने एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम मिशन और रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्ड को बढ़ावा देने की बात कही।

पीएम मोदी ने भारतीय एयरलाइन कंपनियों के बड़े ऑर्डर और 120 नए एयरपोर्ट खोलने की योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में संभावनाओं की कोई सीमा नहीं है। उन्होंने इनोवेट, कोलैबोरेट और इंटीग्रेटेड का मंत्र देते हुए दोनों देशों के बेस्ट बिजनेस माइंड्स को साथ आने का आह्वान किया।
2047 रोडमैप: भारत-फ्रांस साझेदारी को नई ऊंचाईयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता
पीएम मोदी ने भारत-फ्रांस संबंधों को सिर्फ लोकतांत्रिक मूल्यों से ही नहीं, बल्कि “डीप ट्रस्ट, इनोवेशन और जन कल्याण की भावना” से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि पिछली यात्रा के दौरान 2047 रोडमैप बनाया गया था, जिसके तहत दोनों देश वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
इस दौरे के साथ भारत-फ्रांस संबंधों को नई मजबूती मिली है और यह साझेदारी रक्षा, विज्ञान, व्यापार और निवेश के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने की दिशा में अग्रसर है।
