त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे मुकेश अंबानी: परिवार संग 6 चार्टर प्लेन से प्रयागराज आगमन, इस शिविर में लेंगे भाग

त्रिवेणी संगम में लेंगे आस्था की डुबकी, अखाड़े में करेंगे सेवा कार्य
प्रयागराज (शिखर दर्शन) // महाकुंभ 2025 में आस्था की लहर लगातार बढ़ रही है, जहां अब तक करोड़ों श्रद्धालु संगम में पुण्य स्नान कर चुके हैं। इसी कड़ी में रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी अपने परिवार सहित मंगलवार को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। अंबानी परिवार 6 चार्टर प्लेन से दोपहर तीन बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पर उतरेगा, जहां से वे सीधे त्रिवेणी संगम पहुंचेंगे और आस्था की डुबकी लगाएंगे।
इसके बाद वे निरंजनी अखाड़े के शिविर में जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात अखाड़े के पीठाधीश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज से होगी। अंबानी परिवार यहां सेवा कार्यों में भी भाग लेगा और शिविर में भोजन सेवा कार्यक्रम में हिस्सा लेगा। उनके इस प्रवास के दौरान वे करीब चार घंटे तक विभिन्न धार्मिक गतिविधियों में शामिल होंगे।
महाकुंभ में अब तक कई दिग्गजों ने किया स्नान
महाकुंभ में अब तक 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। देश-विदेश की कई बड़ी हस्तियों ने यहां स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया है। इनमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमंडल सहित कई गणमान्य शामिल हैं।
इसके अलावा भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, श्रीपद नाइक, भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति ने भी संगम में आस्था की डुबकी लगाई है।

बॉलीवुड और खेल जगत की भी रही भागीदारी
महाकुंभ की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव लेने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार, सांसद रवि किशन, हेमा मालिनी, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद, कवि कुमार विश्वास, बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर, अभिनेत्री भाग्यश्री, ईशा गुप्ता, कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, मॉडल मिलिंद सोमण, बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, क्रिकेटर सुरेश रैना और अंतरराष्ट्रीय रेसलर ‘द ग्रेट खली’ समेत कई बड़ी हस्तियां भी महाकुंभ में शामिल हो चुकी हैं।
महाकुंभ में अब तक करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ चुकी है, और जैसे-जैसे आयोजन अपने चरम पर पहुंच रहा है, वैसे-वैसे इसकी दिव्यता और भव्यता में लगातार वृद्धि हो रही है।



