अन्तर्राष्ट्रीय

“AI दुनिया को बदलने की शक्ति रखता है” – फ्रांस AI समिट में बोले पीएम मोदी, कहा- भारत के पास सबसे बड़ा AI टैलेंट पूल

कहा – “AI मानवता के लिए वरदान, भारत इस क्षेत्र में नेतृत्व कर रहा”

पेरिस (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को पेरिस में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समिट में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने AI के महत्व और इसके भविष्य पर अपनी बात रखी। समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मंच साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “AI में दुनिया को बदलने की ताकत है। यह समाज, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को सकारात्मक दिशा में ले जाने वाला एक अभूतपूर्व उपकरण है।”

प्रधानमंत्री ने भारत की डिजिटल प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा कि “भारत ने कम लागत में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया है। डेटा एम्पावरमेंट के जरिए भारत ने दुनिया के सबसे बड़े AI टैलेंट पूल का निर्माण किया है। भारत AI को अपनाने और डेटा प्राइवेसी सुनिश्चित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”

AI से नए रोजगार सृजित होंगे, संकट नहीं होगा – मोदी

पीएम मोदी ने AI से जुड़े जोखिमों और रोजगार पर इसके प्रभाव को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, “इतिहास गवाह है कि तकनीक नौकरियां नहीं छीनती, बल्कि नए अवसरों का सृजन करती है। हमें AI से होने वाले बदलावों को समझकर इसका सही उपयोग करना होगा।”

इस अवसर पर उन्होंने AI के सुरक्षित उपयोग पर भी जोर दिया और कहा कि “AI ‘कोड फॉर ह्यूमैनिटी’ लिख रहा है। हमें इसके सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों पर गहराई से विचार करना होगा।”

भारत-फ्रांस के बीच होगी द्विपक्षीय वार्ता

AI समिट में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच एक अहम द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें वैश्विक सहयोग, तकनीकी विकास, रक्षा और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

इससे पहले सोमवार रात प्रधानमंत्री मोदी पेरिस पहुंचे थे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया। फ्रांस सरकार ने उनके सम्मान में एलीजे पैलेस में VVIP डिनर का आयोजन किया, जिसमें कई अन्य देशों के नेता भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!