प्रयागराज महाकुंभ 2025: भीड़ नियंत्रण को लेकर मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, BJP कार्यकर्ता करेंगे यात्रियों की मदद

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश सरकार ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अहम फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। रीवा, सीधी और मैहर में प्रशासन यात्रियों को सहायता प्रदान कर रहा है। उनके खाने-पीने, चिकित्सा और एंबुलेंस सेवाओं की व्यवस्था की गई है।
बीजेपी कार्यकर्ता करेंगे फंसे यात्रियों की सहायता
संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा कार्यकर्ता प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की मदद करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर, महाकुंभ के दौरान फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित निकाला जाएगा। भोजन, ठहरने और बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस कार्य की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्रियों को सौंपी है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों पर जोर
कैबिनेट बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री मोहन यादव विदेशी राजदूतों के साथ बैठक करेंगे, जिससे प्रदेश में निवेश बढ़े। इसके लिए एक विशेष समूह का गठन किया गया है, जिसमें दो उपमुख्यमंत्री, भोपाल के प्रभारी मंत्री, विधायक और महापौर शामिल हैं।
24 जनवरी को पीएम मोदी करेंगे शुभारंभ, 25 को आएंगे अमित शाह
बैठक में यह भी तय किया गया कि 24 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ करेंगे, जबकि 25 जनवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसमें शामिल होंगे। सरकार का मुख्य उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और प्रदेश के लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है। राज्य में व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल करने के लिए ऑनलाइन अनुमति प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे निवेशकों को आसानी हो।
दिल्ली चुनाव पर भी चर्चा, बीजेपी की जीत का दावा
कैबिनेट बैठक में दिल्ली चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि दिल्ली की जनता ने पुनः विश्वास जताया है और 27 साल बाद वहां भाजपा सरकार बनाने जा रही है। इस मौके पर दिल्लीवासियों को कैबिनेट द्वारा बधाई भी दी गई।



