निकाय चुनाव 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अपील – ‘विकास के लिए करें मतदान’

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नगरीय निकाय चुनाव को लोकतंत्र का त्योहार बताते हुए मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा, “सभी भाई-बहन विकास के लिए मतदान करें। लोकतंत्र में हर वोट महत्वपूर्ण होता है और जनता के समर्थन से प्रदेश में विकास की गति तेज होगी।”
मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के रुझानों को लेकर कहा कि प्रदेशभर में सकारात्मक स्थिति बनी हुई है। उन्होंने विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों का दौरा किया और जनता की प्रतिक्रियाओं को उत्साहजनक बताया। साय ने कहा, “हमने सरकार की गारंटियों को पूरा किया है, और जनता सरकार की गारंटी पर भरोसा जता रही है।”
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाकुंभ स्नान को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 तारीख को वे मंत्री, विधायक और कुछ कांग्रेस विधायकों के साथ महाकुंभ में स्नान के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “ऐसा शुभ अवसर 144 साल बाद आया है, और इसे सभी को मिलकर आध्यात्मिक रूप से संजोना चाहिए।”
