CG निकाय चुनाव 2025: राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने किया मतदान, प्रदेशवासियों से किया मतदान की अपील

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया जोरों पर है। इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने रायपुर के वार्ड क्रमांक 49 रानी दुर्गावती वार्ड के प्राथमिक शाला पुरैना मतदान केंद्र में मतदान कर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित की।
ईवीएम से हो रहा मतदान, शाम 5 बजे तक डाले जाएंगे वोट
छत्तीसगढ़ में आज नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस बार चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से संपन्न हो रहे हैं। राज्य में 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। निर्वाचन आयोग शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए कड़े प्रबंध कर रहा है।
प्रदेशभर में मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। निर्वाचन आयोग ने भी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने की अपील की है।
इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी डॉ. आभा सिंह, बेटी डॉ. अदिति सिंह, और दामाद डॉ. एस. सशांक ने भी मतदान किया। डॉ. अजय सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।”

