CG निकाय चुनाव 2025: रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जगदलपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने किया मतदान

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के तहत आज मतदान संपन्न हुआ, जहां मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। आम जनता के साथ ही नेता और मंत्री भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जगदलपुर में मतदान किया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में किया मतदान, भाजपा की जीत का दावा
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपनी पत्नी के साथ रायगढ़ में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि जनता भाजपा सरकार की विकास योजनाओं से संतुष्ट है और सुशासन के समर्थन में वोट डाल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ नगर निगम में भाजपा की जीत तय है और सभी निकायों में पार्टी का परचम लहराने जा रहा है। उन्होंने कहा, “जनता एक साल में हुए विकास को देख चुकी है और निकायों में बदलाव की लहर चल रही है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जगदलपुर में डाला वोट
इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जगदलपुर में मतदान किया और मतदान के बाद पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि सभी नगर निगमों में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का सकारात्मक असर चुनाव में देखने को मिल रहा है और जनता विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहती है। सिंह देव ने कहा, “भाजपा पर जनता का भरोसा बढ़ा है और लोग कमल के निशान पर मुहर लगा रहे हैं। सिर्फ निगम ही नहीं, बल्कि पालिकाओं और पंचायतों में भी भाजपा का कमल खिलेगा।”
चुनाव संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं। मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जनता ने किस पार्टी को सत्ता सौंपी है।



