रायपुर संभाग

CG निकाय चुनाव 2025: 10 नगर निगमों में मतदान शुरू, 8 में महिलाओं की निर्णायक भूमिका, जानें पूरा अपडेट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए आज मतदान शुरू हो चुका है। इस चुनाव में महिला मतदाताओं की भूमिका अहम मानी जा रही है, क्योंकि 10 नगर निगमों में से 8 में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। कुल 14 नगर निगमों में से इस बार 10 में चुनाव हो रहे हैं, जिनमें अंबिकापुर, कोरबा, चिरमिरी, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और रायपुर शामिल हैं।

महिला मतदाताओं की बढ़ी संख्या, बदले समीकरण

राज्य में कुल 44,74,269 शहरी मतदाता हैं, जिनमें 22,73,232 महिलाएं, 22,00,525 पुरुष और 512 अन्य मतदाता शामिल हैं। 2019 के चुनाव की तुलना में इस बार मतदाताओं की संख्या में 5 लाख का इजाफा हुआ है। पिछले निकाय चुनावों में पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक थी, लेकिन इस बार रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा हो गई है। वहीं, कोरबा और चिरमिरी नगर निगम में पुरुषों की संख्या अधिक बनी हुई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव में महिला मतदाताओं की भागीदारी कई नगर निगमों में समीकरण बदल सकती है। महिलाओं की बढ़ी हुई उपस्थिति विभिन्न दलों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

ईवीएम से हो रहा मतदान, 15 फरवरी को आएगा परिणाम

इस बार नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराए जा रहे हैं। मतदान का परिणाम 15 फरवरी को घोषित किया जाएगा। 10 नगर निगमों के अलावा राज्य में 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों में भी चुनाव हो रहे हैं।

राज्य भर में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!