छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव: 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में मतदान आज, 15 फरवरी को आएंगे नतीजे

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में आज नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। इस बार मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए कराया जा रहा है। चुनाव के नतीजे 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
रायपुर में महापौर पद के लिए सीधी टक्कर
राजधानी रायपुर में महापौर पद के लिए कांग्रेस की ओर से दीप्ति दुबे और भाजपा की ओर से मीनल चौबे आमने-सामने हैं। रायपुर नगर निगम के 1095 मतदान केंद्रों पर 10.36 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के इन 10 नगर निगमों में हो रहा मतदान
राज्य के 10 प्रमुख नगर निगमों—रायपुर, अंबिकापुर, कोरबा, चिरमिरी, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, राजनांदगांव और रायगढ़ में भी वोटिंग जारी है। वहीं, 49 नगर पालिका और 114 नगर पंचायतों में भी मतदान हो रहा है। इस चुनाव में महापौर के 79, पार्षद के 1889 और अध्यक्ष पद के लिए 606 उम्मीदवार मैदान में हैं।
कौन हैं कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे?
कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए दीप्ति दुबे को प्रत्याशी बनाया है। वे वर्तमान सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी हैं और पेशे से साइकोलॉजिस्ट हैं। उनका मेंटल हेल्थ क्लीनिक है और वे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने साइकोलॉजी और हिंदी साहित्य में मास्टर्स किया है और वर्तमान में पीएचडी कर रही हैं। दीप्ति दुबे पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस पार्टी के अभियानों और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कौन हैं भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे?
भाजपा ने रायपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए मीनल चौबे को टिकट दिया है। वे नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रह चुकी हैं और तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। महिला मोर्चा के विभिन्न पदों पर कार्य कर चुकीं मीनल चौबे रायपुर नगर निगम की वरिष्ठ पार्षदों में से एक हैं। उनकी छवि एक तेजतर्रार और अनुभवी महिला नेता की है, जो संगठन में अपनी मजबूत पकड़ रखती हैं।
चुनाव को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जुटा हुआ है।



