शहडोल से 800 किमी दूर पीथमपुर ले जाकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

शहडोल (शिखर दर्शन) // जिले की एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर 800 किलोमीटर दूर ले जाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खैरहा थाना क्षेत्र के सिरौजा गांव का रहने वाला 20 वर्षीय अंकुश साहू 18 जनवरी को 17 वर्षीय किशोरी को बाइक से धार जिले के पीथमपुर ले गया। वहां उसने मकान मालिक को झांसा देने के लिए नाबालिग को अपनी पत्नी बताया और प्रेग्नेंसी का बहाना बनाकर किराए पर मकान लिया। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
नाबालिग के अचानक लापता होने पर उसके परिजनों ने धनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि आरोपी किशोरी को पीथमपुर ले गया है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीथमपुर से नाबालिग को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी जेल भेजा गया
शहडोल एडिशनल एसपी ने बताया कि आरोपी युवक ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, आरोपी की गुमशुदगी की रिपोर्ट खैरहा थाने में भी दर्ज थी।
