दिल्ली में हैवानियत: बस चालक ने युवक की प्राइवेट पार्ट में डाली लोहे की रॉड, दर्दनाक मौत

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद के बाद मिनी बस चालक और उसके साथी ने 28 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक को लोहे की रॉड से पीटा और फिर उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाल दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला ?
मनोज, जो इटावा का रहने वाला था और नरेला में अपने भाई के साथ रहता था, पेशे से एक रसोइया था। 1 फरवरी की रात वह अपने साथी दिनेश के साथ सुल्तानपुर डबास में एक जन्मदिन पार्टी में खाना बनाने के बाद घर लौट रहा था। मिनी बस (RTV) में सफर के दौरान उसके हाथ में रखा खाने का पैकेट फट गया, जिससे कढ़ी सीट और फर्श पर गिर गई।
इस पर बस चालक आशीष आगबबूला हो गया और उसने अपने दोस्त सुशांत शर्मा के साथ मिलकर मनोज से सीट साफ करने के लिए कहा। जब मनोज ने कपड़ा न होने की बात कही, तो आरोपियों ने उससे शर्ट उतारकर सफाई करने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और दोनों ने मिलकर मनोज को लोहे की रॉड और डंडे से बुरी तरह पीटा। फिर हैवानियत की हदें पार करते हुए मनोज के प्राइवेट पार्ट में लोहे की रॉड डाल दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को तालाब के पास फेंककर फरार हुए आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मनोज के शव को बवाना इलाके में एक तालाब के पास फेंककर फरार हो गए। घटना के दौरान मनोज का साथी दिनेश बवाना चौक पर उतर गया था, जिससे वह हमले का शिकार होने से बच गया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
