भाजपा और निर्दलीय समर्थकों के बीच झड़प, डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद, वीडियो वायरल

कोरबा (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर चौकी अंतर्गत रविशंकर वाल्मीकि आवास क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा था। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी के प्रचार वाहन से तेज आवाज में डीजे बजाया गया, जिससे पूजा में बाधा उत्पन्न हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, जिससे दोनों गुटों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई, और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मानिकपुर चौकी पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने बताया कि वार्ड नंबर 26 में एक राष्ट्रीय दल की नुक्कड़ सभा चल रही थी, तभी वहां निर्दलीय प्रत्याशी के प्रचार वाहन को खड़ा कर दिया गया और तेज आवाज में प्रचार किया गया। इस पर शिकायत दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में पाया गया कि प्रचार वाहन के पास वैध अनुमति नहीं थी, जिसे एसडीएम ने पूर्व में शिकायत के आधार पर निरस्त कर दिया था। इस कारण वाहन को जब्त कर थाना सहायता केंद्र मानिकपुर लाया गया और छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, ड्राइवर के साथ मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है, और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



