मध्यप्रदेश
महाकाल की भस्म आरती: माघ द्वादशी पर भक्तों ने किए दर्शन, गूंजे जयकारे

उज्जैन (शिखर दर्शन) // श्री महाकालेश्वर मंदिर में माघ माह की शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर रविवार सुबह विशेष पूजन और भस्म आरती संपन्न हुई। प्रातः 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से पंचामृत अभिषेक किया गया।
भगवान महाकाल को भस्म चढ़ाने के बाद शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की माला पहनाई गई। भोग अर्पण कर भव्य श्रृंगार किया गया।
भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और पुण्य लाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं बताईं और बाबा महाकाल के जयकारे लगाए। पूरा मंदिर परिसर “जय जय श्री महाकाल” और “हर हर महादेव” के उद्घोष से गूंज उठा।