दिल्ली चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी बोले- ‘आप’दा मुक्त होकर राजधानी ने राहत महसूस की’

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 27 साल के लंबे इंतजार के बाद पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला, जिससे राजधानी में सत्ता का वनवास समाप्त हो गया। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया।
पीएम मोदी बोले- ‘दिल्ली को विकसित भारत की राजधानी बनाने का संकल्प पूरा करेंगे’
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैंने हर दिल्लीवासी के नाम पत्र भेजकर प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को अवसर दीजिए। दिल्ली को विकसित भारत की राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। दिल्ली के हर परिवारजन ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया, इसके लिए मैं सिर झुकाकर नमन करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर भाजपा को प्यार दिया है और यह विश्वास पार्टी पर एक कर्ज की तरह है। अब भाजपा की डबल इंजन सरकार दिल्ली का विकास तेज गति से करेगी और हर क्षेत्र में बदलाव लाएगी।
राहुल-प्रियंका की रैलियां भी कांग्रेस को नहीं बचा सकीं
दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने मिलकर 58 रैलियां कीं, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ और कांग्रेस प्रत्याशी हार गए।
जेपी नड्डा बोले- मोदी के नेतृत्व में जनता ने भाजपा को दिया आशीर्वाद
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दिया है। “मोदी जी ने देश की राजनीति में एक नई दिशा दी है। पहले चुनावों में लोकलुभावन वादे किए जाते थे और बाद में भुला दिए जाते थे, लेकिन मोदी जी ने रिपोर्ट कार्ड की राजनीति को जन्म दिया। जो कहा, वह पूरा किया और जो नहीं कहा था, वह भी किया।”
‘झूठ की राजनीति करने वालों को जनता ने घर बैठाया’
जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब, वंचित और पीड़ितों के उत्थान के लिए लगातार काम किया है और चुनाव नतीजों ने इस पर मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता ने झूठ और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को नकार दिया है। अब राजधानी में विकास की राजनीति को प्राथमिकता मिलेगी।”
केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ीं, फिर जा सकते हैं जेल!
दिल्ली चुनाव परिणाम के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि अरविंद केजरीवाल एक बार फिर तिहाड़ जेल जा सकते हैं। पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ पहले से ही जांच चल रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल
भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और पटाखे फोड़े। इस जीत को भाजपा के लिए साल की पहली और बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।
दिल्ली की जनता ने इस चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर यह संकेत दिया कि वह विकास और स्थिरता चाहती है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा सरकार अगले पांच वर्षों में दिल्ली के विकास को किस दिशा में आगे बढ़ाएगी।



