फिरोज ने बदला नाम, हिंदू लड़की से रचाई शादी, फिर पहली पत्नी ने कर दिया भंडाफोड़… आरोपी फिरोज गिरफ्तार !

साहिबगंज (शिखर दर्शन) // झारखंड के साहिबगंज में एक मुस्लिम युवक ने अपना धर्म और पहचान छिपाकर हिंदू लड़की को प्रेम जाल में फंसाया और शादी कर ली। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, साहिबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज निवासी मोहम्मद फिरोज ने अपना नाम बदलकर ‘मिथुन कुमार राजवंशी’ रख लिया और सोशल मीडिया के जरिए बिहार के कटिहार की एक हिंदू लड़की से संपर्क किया। फिरोज ने खुद को सीआरपीएफ जवान बताकर लड़की को शादी के लिए राजी किया और उसे साहिबगंज ले आया।
शादी के बाद लड़की को उसकी असली पहचान का पता नहीं चला, लेकिन फिरोज की पहली पत्नी निकहत परवीन ने इस धोखाधड़ी का खुलासा कर दिया। निकहत ने पुलिस को अपने पति की करतूत की जानकारी दी और खुद ही फिरोज और लड़की को पकड़कर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस कार्रवाई:
साहिबगंज सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने बताया कि नगर थाने में फिरोज के खिलाफ धारा 87/60, 10, अपराध संख्या 18/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने फिरोज के खिलाफ असली पहचान छिपाकर धोखाधड़ी करने और लड़की को बहला-फुसलाकर शादी करने का मामला दर्ज किया है, जिसमें 10 साल तक की सजा और गैर-जमानती अपराध शामिल है।
फिलहाल, लड़की का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जा रहा है, और मामले की जांच जारी है।



