RBI Monetary Policy: लोन होगा सस्ता, EMI में मिलेगी राहत, जानें 2025 में GDP ग्रोथ का अनुमान…

RBI ने 5 साल बाद घटाई रेपो रेट, ब्याज दर 6.5% से 6.25% हुई, EMI होगी सस्ती
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए रेपो रेट में 0.25% की कटौती की है। अब रेपो रेट 6.5% से घटकर 6.25% हो गई है। इससे होम, ऑटो और अन्य लोन सस्ते हो जाएंगे और EMI में भी राहत मिलेगी।
5 साल बाद घटी ब्याज दर
RBI ने आखिरी बार मई 2020 में रेपो रेट में 0.40% की कटौती की थी, जिसके बाद यह 4% पर आ गई थी। लेकिन मई 2022 से ब्याज दरों में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हुआ, जो मई 2023 में जाकर रुका। इस दौरान रेपो रेट में कुल 2.50% की वृद्धि हुई और यह 6.5% तक पहुंच गई। अब 5 साल बाद RBI ने इसमें कटौती कर ग्राहकों को राहत दी है।
EMI पर कितना असर पड़ेगा?
अगर किसी व्यक्ति ने 9% की ब्याज दर पर 20 साल के लिए 30 लाख रुपये का लोन लिया है, तो उसकी EMI 26,992 रुपये होगी और कुल 34.78 लाख रुपये का ब्याज देना होगा।
अब अगर बैंक 0.25% की कटौती के बाद 8.75% ब्याज दर पर लोन देता है, तो EMI घटकर 26,416 रुपये हो जाएगी। यानी हर महीने 576 रुपये की बचत होगी और कुल मिलाकर 20 साल में 1.39 लाख रुपये की राहत मिलेगी।
2025 में 6.4% जीडीपी वृद्धि का अनुमान
RBI के अनुमान के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 6.4% रहने की संभावना है। तिमाही दर तिमाही वृद्धि अनुमान इस प्रकार है—
- Q1: 6.7%
- Q2: 7%
- Q3: 6.5%
- Q4: 6.5%
वित्त वर्ष 2026 में यह वृद्धि दर 6.7% तक पहुंच सकती है।
क्या होगा असर?
ब्याज दरों में कटौती से नए लोन लेने वालों को फायदा मिलेगा, जबकि मौजूदा लोन धारकों की EMI घट सकती है, खासकर फ्लोटिंग रेट लोन लेने वालों को राहत मिलेगी। बाजार में भी इस फैसले का सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।