बस्तर संभाग
नक्सल संगठन को बड़ा झटका: माड़ डिविजन प्रेस टीम के कमांडर ने पत्नी संग किया सरेंडर , दोनों पर था 5-5 लाख का इनाम

मोहला मानपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नक्सल संगठन लगातार कमजोर पड़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मोहला मानपुर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अबूझमाड़ के नक्सली प्रेस टीम के कमांडर पवन तुलावी ने अपनी पत्नी पायके ओयाम के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है।

दोनों पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पवन तुलावी मोहला मानपुर के बस्तर सीमावर्ती ग्राम दोरदे का निवासी है और अबूझमाड़ में नक्सली प्रेस टीम का नेतृत्व करता था। वहीं, उसकी पत्नी पायके ओयाम बीजापुर के भैरमगढ़ की रहने वाली थी और केंद्रीय कमेटी सदस्य सोनू उर्फ भूपति की सुरक्षा गार्ड थी।
सरेंडर के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका बताया है। प्रशासन का मानना है कि यह आत्मसमर्पण क्षेत्र में बढ़ते दबाव और सरकारी पुनर्वास योजनाओं की सफलता को दर्शाता है।