छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, सीएम साय और भूपेश बघेल करेंगे रोड शो, लीजेंड 90 लीग टूर्नामेंट का आगाज

रायपुर (शिखर दर्शन) // केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रथम समाधि स्मृति महा महोत्सव में शामिल होंगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजनांदगांव में रोड शो करेंगे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बलौदाबाजार और कसडोल में जनसभा करेंगे। वहीं, रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में लीजेंड 90 लीग टूर्नामेंट की भव्य शुरुआत होगी।
अमित शाह डोंगरगढ़ में विद्यासागर महाराज की समाधि पर करेंगे विनयांजलि अर्पित
गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से 12:55 बजे डोंगरगढ़ के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर 1:10 बजे चंद्रगिरि तीर्थ (विद्यायतन समाधि स्थल) पहुंचकर आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव और विश्व शांति महायज्ञ में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 2:10 से 2:40 बजे तक विनयांजलि समारोह में शामिल होंगे और फिर मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दोपहर 3:45 बजे शाह रायपुर लौटेंगे और 4:20 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
राजनांदगांव में सीएम साय का रोड शो
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे 12:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचकर गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करेंगे और फिर 12:55 बजे डोंगरगढ़ के प्रज्ञागिरी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। यहां वे भी समाधि महोत्सव और विश्व शांति महायज्ञ में शामिल होंगे। दोपहर 2:50 बजे वे छोटी बम्लेश्वरी माता मंदिर में दर्शन करेंगे और फिर 3:30 बजे अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में भाग लेंगे। शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री राजनांदगांव में रोड शो करेंगे और फिर रात 9:15 बजे रायपुर लौटेंगे।
बलौदाबाजार और कसडोल में भूपेश बघेल करेंगे जनसभा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शाम 4 बजे कसडोल में रोड शो करेंगे और फिर 4:30 बजे बलौदाबाजार के गार्डन चौक में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वे सक्ती जिले में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार भी करेंगे।
रायपुर में लीजेंड 90 लीग टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज से लीजेंड 90 लीग टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड सितारों का जलवा देखने को मिलेगा। तमन्ना भाटिया और बॉलीवुड सिंगर धमाकेदार परफॉर्मेंस देंगे, जबकि हुमा कुरैशी, आयुष्मान खुराना, विशाल मिश्रा, सोनू निगम और हार्डी संधु जैसे कलाकार भी मंच पर प्रस्तुति देंगे।
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ वॉरियर्स और दिल्ली रॉयल की टीमें आमने-सामने होंगी। दिल्ली टीम की कप्तानी शिखर धवन करेंगे, जबकि छत्तीसगढ़ वॉरियर्स की कमान सुरेश रैना संभालेंगे। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।
