अमेरिका से 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर पहुंचा सैन्य विमान

अमृतसर (शिखर दर्शन) // अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 104 अवैध भारतीय प्रवासियों का पहला जत्था बुधवार (5 फरवरी) को अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। इन प्रवासियों को अमेरिकी एयरफोर्स के C-17 ग्लोबमास्टर सैन्य विमान से भारत भेजा गया। दोपहर 2 बजे पहुंचे इस विमान में 13 बच्चे, 79 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल हैं।
गुजरात और हरियाणा के सबसे अधिक लोग शामिल
इन अवैध प्रवासियों में गुजरात और हरियाणा के 33-33 लोग शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब के 30, महाराष्ट्र के 3 और उत्तर प्रदेश व चंडीगढ़ के 2-2 नागरिक हैं। इनमें कुछ परिवार भी शामिल हैं, जिनके साथ 8–10 साल तक के बच्चे भी मौजूद हैं।
‘डंकी रूट’ से अमेरिका जाने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, ये सभी भारतीय वैध तरीके से भारत से रवाना हुए थे, लेकिन मेक्सिको-अमेरिकी सीमा पार कर अवैध रूप से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान इन्हें अमेरिकी एजेंसियों ने पकड़ लिया और डिपोर्ट कर दिया।
अमेरिका ने पहली बार सैन्य विमान से भेजे अवैध अप्रवासी
अमेरिकी समयानुसार 4 फरवरी की सुबह 3 बजे यह सैन्य विमान रवाना किया गया था। यह पहली बार है जब अमेरिका ने अवैध अप्रवासियों को भेजने के लिए सैन्य विमान का इस्तेमाल किया है। ट्रंप प्रशासन के कार्यकाल में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे, जिनके तहत इन लोगों को डिपोर्ट किया गया।
डिटेन नहीं होंगे, सीधे घर भेजे जाएंगे
अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद इन प्रवासियों को लेकर पंजाब पुलिस का कहना है कि फिलहाल इन्हें डिटेन करने का कोई आदेश नहीं है। न ही इनके लिए कोई डिटेंशन सेंटर बनाया गया है। ऐसे में संभावना है कि क्लियरेंस के बाद इन्हें उनके गृह राज्यों को रवाना कर दिया जाएगा।
गुजरात के प्रवासियों को एयरपोर्ट से ही भेजा जाएगा
गुजरात के 33 नागरिकों को एयरपोर्ट पर ही रोका जाएगा और वहीं से सीधे गुजरात भेजा जाएगा। अन्य राज्यों के लोग अपने घर जाने के लिए स्वतंत्र होंगे।
भारत में अवैध प्रवासियों की वापसी को लेकर सरकार की आगे की नीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।
