बिलासपुर संभाग

रायगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय का भव्य रोड शो, महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान के समर्थन में मांगे वोट

कांग्रेस पर लगाया जनता को छलने का आरोप

रायगढ़ (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायगढ़ में भव्य रोड शो कर महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान सहित वार्ड प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

सत्तीगुड़ी चौक से शुरू हुआ रोड शो

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर करीब 2 बजे रायगढ़ पहुंचे, जहां सत्तीगुड़ी चौक से उनका रोड शो शुरू हुआ। इस दौरान उनके साथ महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान, प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जिला भाजपा अध्यक्ष अरूणधर दीवान भी मौजूद रहे। रोड शो गद्दी चौक, सुभाष चौक होते हुए रामनिवास टाकीज चौक तक पहुंचा, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद यह शहीद चौक होते हुए मिनी माता चौक तक पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री का केले से तौल कर सम्मान किया गया।

महापौर प्रत्याशी की चाय दुकान पर बनाई चाय

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान की चाय दुकान पर रुककर खुद चाय बनाई और लोगों को परोसी। उन्होंने कहा, “जीवर्धन आज भी अपनी आजीविका चाय बेचकर चलाते हैं। उनकी चाय जितनी मीठी है, उतनी ही मीठी उनकी जुबान भी है। रायगढ़ की जनता उन्हें आशीर्वाद देगी और भाजपा नगर निगम में जीत दर्ज करेगी।”

भाजपा की सरकार को बताया ‘तीसरा इंजन’

पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेशभर में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार की शुरुआत आज कोरबा से हुई, जहां सभा के बाद रायगढ़ में यह दूसरा बड़ा कार्यक्रम था। रायगढ़ मेरी कर्मभूमि रही है, यहां की जनता ने मुझे 20 साल सांसद बनाया। भाजपा की सरकार बनने से ‘तीसरा इंजन’ जुड़ गया है, जिससे राज्य में और तेजी से विकास होगा।”

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस हमेशा छल करती आई है। 2018 में 36 वादों के साथ सत्ता में आई लेकिन पांच साल में जनता को ठगने के अलावा कुछ नहीं किया। इसलिए 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें सबक सिखाया और अब नगरीय निकाय चुनाव में भी कांग्रेस को करारी हार मिलेगी।”

प्रधानमंत्री की गारंटी पर भरोसा

सीएम ने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ती है और जनता के हर सुख-दुख में साथ खड़ी रहती है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा है- ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’। हमारी सरकार ने 13 महीने में ही प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा किया है और जनता का भरोसा जीता है। रायगढ़ की जनता एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन देगी।”

भाजपा के इस रोड शो ने रायगढ़ में चुनावी माहौल गरमा दिया है और पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। आगामी निकाय चुनाव में भाजपा कितनी सफल होगी, यह जनता के फैसले पर निर्भर करेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!