जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रथम समाधि महोत्सव में शामिल होंगे अमित शाह, 18 फरवरी को आ सकते हैं पीएम मोदी

डोंगरगढ़ (शिखर दर्शन) // केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 6 फरवरी को छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रथम समाधि स्मृति महा महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे चंद्रगिरी तीर्थ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेंगे और संत समाज व जैन समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
अमित शाह का आगमन और कार्यक्रम
कार्यक्रम के आयोजकों और प्रशासन के अनुसार, अमित शाह 6 फरवरी को दोपहर 12:55 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेंगे। वे सीधे चंद्रगिरी तीर्थ जाएंगे, जहां आचार्य विद्यासागर महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस आयोजन में देशभर से श्रद्धालु और अनुयायी शामिल हो रहे हैं, जिससे इसका महत्व और अधिक बढ़ गया है। इसके अलावा, वे संत समाज व जैन समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ धार्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा कर सकते हैं।
मां बम्लेश्वरी मंदिर में करेंगे दर्शन
अमित शाह दोपहर 2:50 बजे डोंगरगढ़ के प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में माता के दर्शन करेंगे। यह छत्तीसगढ़ का प्रमुख शक्ति पीठ है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। गृह मंत्री यहां पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी
अमित शाह के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एसपी और कलेक्टर स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। चंद्रगिरी तीर्थ और मां बम्लेश्वरी मंदिर के आसपास विशेष सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
18 फरवरी को पीएम मोदी के आगमन की संभावना
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 फरवरी को डोंगरगढ़ आ सकते हैं। इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों में उत्साह है, और कई लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
