डिप्टी सीएम शिंदे के करीबी नेता 10 दिनों से लापता, पुलिस की 8 टीमें तलाश में जुटीं , चार संदिग्धों को हिरासत में लिया , अब तक नहीं मिला सुराग

पालघर (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र के पालघर जिले में शिवसेना (शिंदे गुट) के क्षेत्र समन्वयक अशोक ढोडी बीते 10 दिनों से लापता हैं। 20 जनवरी से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आठ टीमों का गठन किया है, लेकिन अब तक ढोडी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिवारिक संपत्ति विवाद की आशंका, पुलिस जांच जारी
पालघर पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अशोक ढोडी के लापता होने के पीछे उनके परिवार से जुड़ा संपत्ति विवाद हो सकता है। पुलिस ने इस आधार पर जांच तेज कर दी है और तकनीकी निगरानी तथा मोबाइल ट्रैकिंग का भी सहारा लिया जा रहा है।
एक संदिग्ध हिरासत से फरार, जांच पर असर
एसपी पाटिल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चार में से तीन संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिससे जांच प्रभावित हुई है। इसके बावजूद पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
ढोडी की पत्नी ने जताया संदेह, अपहरण और हत्या के तहत केस दर्ज
लापता नेता अशोक ढोडी की पत्नी ने कुछ लोगों पर संदेह जताया था, जिसके बाद पालघर जिले के घोलवाड़ पुलिस स्टेशन में अपहरण और हत्या जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का दावा कर रही है।