PM मोदी का 5 फरवरी का महाकुंभ दौरा रद्द, जानें इसके पीछे की वजह

प्रयागराज (शिखर दर्शन) // प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार देर रात भगदड़ मचने से 30 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 36 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 5 फरवरी को प्रस्तावित महाकुंभ दौरा फिलहाल टाल दिया गया है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हादसे में बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
घटना के बाद प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन हादसे के बाद मेला क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। कई श्रद्धालु अब भी अपने स्वजनों को ढूंढ रहे हैं। मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
दूसरी बार भी मची भगदड़, प्रशासन अलर्ट
पहली भगदड़ के बाद महाकुंभ के महावीर मार्ग सेक्टर 21 खाक चौक क्षेत्र में दोबारा भगदड़ मच गई। इस घटना से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात की गई हैं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी राहत कार्यों में जुटी हैं।
श्रद्धालुओं का भारी सैलाब, अब तक करोड़ों ने लगाई आस्था की डुबकी
हादसे के बावजूद संगम में श्रद्धालुओं का आस्था प्रवाह जारी है। बुधवार को करीब 1.95 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। अब तक करोड़ों लोग गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।
PM मोदी का दौरा रद्द, हो सकती है नई तारीख तय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 फरवरी को प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने वाले थे, लेकिन हालात को देखते हुए फिलहाल उनका यह दौरा रद्द कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, नई तारीख तय की जा सकती है, लेकिन इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं, हादसे को लेकर सरकार पर सवाल उठने लगे हैं कि इतनी बड़ी भीड़ को संभालने में लापरवाही क्यों बरती गई ?
