रायपुर संभाग

निकाय चुनाव 2025 : डिप्टी सीएम के निवास में मंत्रणा, चुनावी रणनीति पर बनी सहमति

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में आगामी निकाय चुनाव 2025 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री ओपी चौधरी और केदार कश्यप शामिल रहे। बैठक में नामांकन प्रक्रिया के बाद की स्थिति का आकलन किया गया और आगे की रणनीति तय की गई।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रेस से बातचीत में बताया कि नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी रायपुर में कांग्रेस किसे उम्मीदवार बना रही है, जनता को यह जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता को यह समझना चाहिए कि उनके उम्मीदवार कौन हैं, अब तक उन्होंने क्या किया है और आगे क्या करेंगे।

अवैध निवासियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी

रायपुर में अवैध रूप से रह रहे लोगों को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कहा कि इस तरह के लोगों की कोई पहचान नहीं है और यह कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस विषय को गंभीरता से ले रहा है और अवैध रूप से रह रहे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू-मुस्लिम पर कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद

जब हिंदू-मुस्लिम मुद्दे को लेकर सवाल किया गया तो डिप्टी सीएम ने इसे कांग्रेस का रटा-रटाया आरोप करार दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर कार्रवाई लंबे समय से जारी है और इसे चुनाव से जोड़ना कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने दोहराया कि जो भी अवैध रूप से रह रहे होंगे, उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई होगी।

राहुल गांधी के झूठे वादों पर तीखा पलटवार

राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि उनकी झूठी बातों का जवाब छत्तीसगढ़ की जनता पहले ही दे चुकी है। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने झूठे वादे किए थे, जो पूरे देश ने देखा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में है, जबकि कांग्रेस अपनी राजनीतिक समाप्ति की ओर बढ़ रही है।

यमुना जल विवाद पर भी किया पलटवार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हरियाणा सरकार पर यमुना का पानी जहरीला करने के आरोप पर अरुण साव ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री खुद यमुना का पानी पी चुके हैं, इससे बड़ा प्रमाण और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टियां कभी एक-दूसरे का समर्थन करती हैं तो कभी विरोध, जिससे उनकी विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है।

बैठक में बनी चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ निकाय चुनाव 2025 में उतरेगी और कांग्रेस को कड़ी चुनौती देगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!