रायपुर संभाग

घुसपैठियों पर कार्रवाई जारी रहेगी: डिप्टी सीएम साव बोले – बाहरी लोगों से खतरा, PCC चीफ बैज ने की कड़ी कार्रवाई की मांग, केंद्रीय बजट पर सरकार को घेरा

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। राजधानी रायपुर में संदिग्ध घुसपैठियों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि अवैध रूप से रह रहे लोग प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए खतरा हैं। इनकी कोई पहचान नहीं होती, जिससे सुरक्षा संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई कर रहा है और जो भी लोग अवैध रूप से छत्तीसगढ़ में रह रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहा है, जिस पर नियंत्रण पाना जरूरी है। संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने प्रदेश में पुलिस द्वारा 2 हजार से अधिक संदिग्धों से पूछताछ किए जाने को लेकर कहा कि अपराध पर नियंत्रण पाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगा रही है।

भाजपा करेगी कार्यकर्ता सम्मेलन, निकाय चुनाव की तैयारियों में तेजी

प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा अपनी रणनीति तैयार कर रही है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सभी नगरीय निकायों में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए सम्मेलन होंगे और चुनाव कार्यालयों का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा, एक फरवरी को पार्टी द्वारा झंडा लगाने का अभियान भी चलाया जाएगा। साव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी और उन्हें ऊर्जा से भरने का प्रयास किया जाएगा।

केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस का हमला – “आम आदमी को कुछ नहीं मिलेगा”

केंद्रीय बजट पर टिप्पणी करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि आगामी बजट में आम जनता को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास को लेकर कोई ठोस योजना नहीं है। पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार ने केवल अमीर-गरीब के बीच खाई को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ के हितों की अनदेखी कर रही है और शराब बिक्री व अहाता खोलने जैसी नीतियों को बढ़ावा दे रही है।

बैज ने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं और शहरी विकास के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक शहरी क्षेत्रों में जनता के लिए आवास तक नहीं बन पाए हैं और इस बार भी बजट से लोगों को कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!