मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जापान दौरे का दूसरा दिन: निवेश और औद्योगिक साझेदारी को मिलेगी नई गति

भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जापान दौरे के दूसरे दिन, बुधवार को आर्थिक सहयोग और औद्योगिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेंगे। यह दिन प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने और जापान के साथ आर्थिक साझेदारी को सुदृढ़ करने के लिए समर्पित रहेगा।
परिवहन और अधोसंरचना पर प्रमुख वार्ता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहली बैठक ईस्ट जापान रेलवे कंपनी और केइदानरेन की दक्षिण एशिया समिति के अध्यक्ष श्री यूजी फुकासावा के साथ टोक्यो के इम्पीरियल होटल में होगी। इस बैठक में रेलवे और परिवहन क्षेत्र में तकनीकी सहयोग और निवेश के संभावित अवसरों पर चर्चा की जाएगी। यह वार्ता प्रदेश की परिवहन प्रणाली को उन्नत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
जेईटीआरओ के साथ औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा
डॉ. यादव जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जेईटीआरओ) के अध्यक्ष श्री सुसुमु काटाओका से भी मुलाकात करेंगे। यह बैठक जेईटीआरओ के मुख्यालय में आयोजित होगी। बातचीत का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश में व्यापारिक और औद्योगिक विकास के लिए संभावनाओं की तलाश और जापान के साथ व्यापारिक संबंधों को सशक्त बनाना होगा।
खाद्य और पेय उद्योग में निवेश को मिलेगा बढ़ावा
सुंतोरी इंडिया के अध्यक्ष श्री ताकायुकी सन्नो के साथ बैठक में खाद्य और पेय उद्योग में सहयोग पर चर्चा की जाएगी। यह वार्ता प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई दिशा देने की उम्मीदों से जुड़ी है।
ऑटोमोबाइल और टायर उद्योग में तकनीकी साझेदारी
मुख्यमंत्री ब्रिजस्टोन मुख्यालय में ब्रिजस्टोन के अधिकारियों से मिलकर ऑटोमोबाइल और टायर उद्योग में तकनीकी साझेदारी और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। यह बैठक प्रदेश में ऑटोमोबाइल क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
जल प्रबंधन और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर रणनीतिक वार्ता
जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री शोहेई हारा के साथ बैठक में जल प्रबंधन, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और अधोसंरचना विकास पर विस्तार से चर्चा होगी। यह वार्ता प्रदेश की अधोसंरचना परियोजनाओं में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा देगी।
टेक्सटाइल और रिटेल सेक्टर में सहयोग के अवसर
मुख्यमंत्री फास्ट रिटेलिंग कंपनी के सीईओ श्री तदाशी यानाई से मुलाकात करेंगे। इस वार्ता का उद्देश्य मध्यप्रदेश को टेक्सटाइल और रिटेल उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाना है।
फर्नीचर और होम डेकोर उद्योग में साझेदारी
डॉ. यादव निटोरी होल्डिंग्स के अध्यक्ष श्री तोशीयूकी शिराई से फर्नीचर और होम डेकोर उद्योग में सहयोग पर चर्चा करेंगे। यह बैठक उद्योग क्षेत्र में नए अवसरों को खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद
मुख्यमंत्री सायंकाल टोक्यो के इम्पीरियल होटल में प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में वे प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और निवेश संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे। इसके बाद रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और अंतरराष्ट्रीय निवेश के लिए नए द्वार खोलने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश और जापान के बीच दीर्घकालिक औद्योगिक साझेदारी को नई गति मिलने की संभावना है।
