पेपर बांटने वाले को कांग्रेस ने बनाया पार्षद उम्मीदवार, साधारण पृष्ठभूमि के गावेश साहू पर जताया भरोसा

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। इस बार कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम के पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 09 से पेपर बांटने वाले गावेश साहू को पार्षद पद का उम्मीदवार बनाया है। उनकी साधारण पृष्ठभूमि और संघर्षमय जीवन की कहानी अब प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गई है।
6वीं कक्षा से कर रहे हैं अखबार बांटने का काम
गावेश साहू रायपुर के एक साधारण परिवार से आते हैं और बचपन से ही अखबार बांटने का काम कर रहे हैं। 6वीं कक्षा से शुरू हुआ उनका यह सफर अब राजनीति की ओर बढ़ गया है। कांग्रेस ने उनकी मेहनत और जनता के बीच उनकी छवि को देखते हुए उन्हें पार्षद पद के लिए टिकट दिया है। पार्टी को उम्मीद है कि गावेश की लोकप्रियता और जमीन से जुड़े होने का फायदा उन्हें चुनाव में मिलेगा।
चाय वाले और गुपचुप वाले उम्मीदवारों की भी चर्चा
इस चुनाव में अन्य साधारण पृष्ठभूमि के प्रत्याशी भी चर्चा में हैं। भाजपा ने रायगढ़ नगर निगम महापौर पद के लिए चाय बेचने वाले जीवर्धन चौहान को मैदान में उतारा है। जांजगीर-नैला नगर पालिका से एक लेडिस टेलर को अध्यक्ष पद का टिकट दिया गया है, वहीं अकलतरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 से गुपचुप बेचने वाली संतोषी कैवर्त को भाजपा ने पार्षद का उम्मीदवार बनाया है।
10 नगर निगमों में होंगे चुनाव
छत्तीसगढ़ में इस बार 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिकाओं और 114 नगर पंचायतों में चुनाव होंगे। इनमें अंबिकापुर, कोरबा, चिरमिरी, जगदलपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और रायपुर नगर निगम शामिल हैं। इसके अलावा जिला पंचायत के 433 सदस्य और जनपद पंचायत के 2973 पदों के लिए भी मतदान होगा। ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 11,672 और वार्ड पंच के लिए 1,60,180 पदों पर वोटिंग होगी।
इस चुनावी माहौल में साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले उम्मीदवारों की भागीदारी जनता के बीच सकारात्मक संदेश दे रही है। अब देखना होगा कि ये उम्मीदवार चुनावी मैदान में क्या रंग दिखाते हैं।



