स्कूटी पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचीं कांग्रेस की दीप्ति दुबे, रैली और शक्ति प्रदर्शन रद्द

रायपुर (शिखर दर्शन) // रायपुर नगर निगम के महापौर पद की कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने आज सादगी और अनोखे अंदाज में अपना नामांकन दाखिल किया। बिना किसी रैली या शक्ति प्रदर्शन के, वह स्कूटी पर सवार होकर हेलमेट पहने नामांकन स्थल पहुंचीं।
दीप्ति दुबे ने बताया कि स्कूटी से आने का मकसद जनता को ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश देना था। उन्होंने कहा, “हमने आज नामांकन जमा कर दिया है। अब मैं सीधे जनता के बीच जाऊंगी और उनकी समस्याओं को जानूंगी। कोई भी मुझसे संपर्क कर सकता है। हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।”
पहले कांग्रेस भवन गांधी मैदान से रैली निकालने की योजना थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया। हालांकि, कार्यकर्ता नामांकन स्थल पर जुटे और प्रत्याशी का समर्थन किया।
नामांकन के दौरान मंच पर कांग्रेस के दिग्गज नेता, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे और पूर्व निगम सभापति प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे।

दीप्ति दुबे का यह कदम चुनावी माहौल में सादगी और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का संदेश देता है। कांग्रेस का यह फैसला रैली और शक्ति प्रदर्शन से दूर रहकर एक नई शुरुआत की ओर इशारा करता है।



