महाकुंभ स्पेशल ट्रेन में उपद्रवियों का पथराव, दरवाजे-खिड़कियों पर तोड़फोड़, यात्रियों में मची चीख-पुकार

छतरपुर (शिखर दर्शन) // बीती रात प्रयागराज जा रही महाकुंभ स्पेशल ट्रेन में उपद्रवियों ने हरपालपुर स्टेशन पर पथराव कर दिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को तत्काल मौके पर बुलाया गया।

सूत्रों के अनुसार, जैसे ही ट्रेन हरपालपुर स्टेशन पहुंची, कुछ युवक जबरन ट्रेन में घुसने की कोशिश कर रहे थे। यात्रियों ने उनकी नापाक मंशा को भांपते हुए दरवाजा नहीं खोला, लेकिन इसी बीच उपद्रवियों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। इस हमले से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, जिससे एक पल के लिए पूरे इलाके में घबराहट फैल गई।
रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, इस घटना के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस द्वारा स्थिति को काबू में किया गया, लेकिन जांच अब भी जारी है, ताकि इस तरह के असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
