सीएम डॉ. मोहन यादव का जापान दौरा शुरू, उद्योगपतियों संग वन-टू-वन मीटिंग और निशातपुरा स्टेशन के विकास पर फोकस

भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जापान दौरा आज से शुरू हो गया है। दौरे के पहले दिन, सीएम ने कई महत्वपूर्ण कार्यकमों में हिस्सा लिया। सुबह 9.15 बजे भारतीय राजदूत श्री सीबी जॉर्ज से निवास पर औपचारिक मुलाकात की। इसके बाद, 10.15 बजे उन्होंने एडो गावा सिटी स्थित महात्मा गांधी पार्क में पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने सुबह 11.30 बजे भारतीय दूतावास में आयोजित रोड-शो में हिस्सा लिया, जो भारत और जापान के रिश्तों को मनाने के उद्देश्य से था। इस कार्यक्रम में वे मध्यप्रदेश की निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। इसके बाद, 1.30 बजे से 3 बजे तक, सीएम ने उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें निर्धारित की हैं, जिनमें निवेश के अवसरों पर गहन चर्चा की जाएगी। इस व्यस्त दिन का समापन भारतीय राजदूत के निवास पर भोज में शामिल होकर होगा, जो शाम 3.30 बजे आयोजित किया जाएगा।
निशातपुरा रेलवे स्टेशन का होगा विकास: सांसद आलोक शर्मा करेंगे निरीक्षण
भोपाल वासियों के लिए एक और खुशखबरी है, निशातपुरा रेलवे स्टेशन के विकास की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। आज सुबह 10 बजे, सांसद आलोक शर्मा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे, जिसमें रेलवे और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित होंगे। यह कदम स्टेशन में महत्वपूर्ण बदलाव और सुविधाओं के विस्तार की ओर अग्रसर है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
निशातपुरा स्टेशन को न केवल कई ट्रेनों का स्टार्टिंग प्वाइंट बल्कि स्टॉपेज प्वाइंट भी बनाया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अगले महीने निशातपुरा स्टेशन को विकास की सौगात देंगे, जिससे यह क्षेत्र और भी महत्वपूर्ण बन जाएगा।
