सीएम साय आज लेंगे विभागीय बैठक, निकाय चुनाव के नामांकन का अंतिम दिन, अवैध रेत खनन पर कार्रवाई, राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय में विभागीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। वे सबसे पहले ग्रामोद्योग और वन विभाग की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद सहकारिता विभाग की बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करेंगे।
निकाय चुनाव: आज नामांकन जमा करने का अंतिम दिन
निकाय चुनाव के लिए आज नामांकन जमा करने का अंतिम दिन है। पार्षद और मेयर पद के उम्मीदवार रिटर्निंग या सहायक रिटर्निंग अफसर के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। बता दें कि इन चुनावों के लिए मतदान 11 फरवरी को होगा, जबकि परिणाम 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
अवैध रेत खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
ग्राम तर्री में अवैध रेत खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन जब्त किया। जब्त वाहनों को ट्रेलर के माध्यम से गोबरा नवापारा थाने में लाया गया। इस कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
राजधानी में आज होंगे ये आयोजन
- आयुर्वेद महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव: नारायण प्रसाद अवस्थी शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव “आयुर्फेस्ट 2025” का आयोजन पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, जीई रोड, रायपुर में दोपहर 2 बजे से होगा।
- सदगुरु कबीर सत्संग समारोह: श्री सदगुरु कबीर सत्संग समिति एवं आमिन माता महिला मंडल, रामनगरवासी की ओर से सदगुरु कबीर सत्संग समारोह आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम गुलमोहर पार्क, मेन रोड, रामनगर (एचपी पेट्रोल पंप के पीछे) में सुबह 8 बजे से शुरू होगा।
विशेष कार्यक्रमों और प्रशासनिक गतिविधियों से राजधानी का माहौल आज व्यस्त और जीवंत रहेगा।
