ट्रंप से मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहे पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रस्ताव पर रूस का बयान, क्या समाप्त होगा रूस-यूक्रेन युद्ध ?

ट्रंप की पुतिन से मिलने की पेशकश, रूस ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया, वाशिंगटन का इंतजार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से जल्द मुलाकात करने की इच्छा जताई है, ताकि यूक्रेन युद्ध को समाप्त किया जा सके। ट्रंप ने कहा था कि वह युद्ध को खत्म करने के लिए तात्कालिक रूप से पुतिन से मिलना चाहते हैं।
रूस ने इस पेशकश का स्वागत किया है और क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पुष्टि की है कि पुतिन ट्रंप से मुलाकात करने के लिए तैयार हैं। अब इस पर वाशिंगटन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
ट्रंप ने इस दौरान परमाणु हथियारों में कटौती पर भी काम करने की इच्छा जताई। चुनाव से पहले उन्होंने यह दावा किया था कि राष्ट्रपति बनने के पहले ही वह रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करवा देंगे, हालांकि अब उनके सलाहकारों ने कहा है कि इस प्रक्रिया में कुछ महीनों का वक्त लग सकता है।
ट्रंप ने युद्ध में जान गंवा रहे सैनिकों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जल्द से जल्द पुतिन से मिलकर यह संघर्ष खत्म करने की कोशिश करनी चाहिए।
