दिल दहला देने वाली घटना: झोपड़ी में लगी आग से दो मासूम भाइयों की जिंदा जलकर मौत, देख कर कांप उठेगी रूह

पन्ना (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बृजपुर थाना क्षेत्र के इटवा खास इलाके में खेत की रखवाली कर रहे आदिवासी परिवार की झोपड़ी में अचानक आग लगने से दो मासूम भाई अपनी जान गंवा बैठे। आग की चपेट में आकर दोनों बच्चे जिंदा जल गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है।
घटना के बारे में जानकारी मिली है कि देशु आदिवासी नामक व्यक्ति अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बृजपुर थाना क्षेत्र के इंटवाखास में खेत की रखवाली करने के लिए झोपड़ी बना कर रह रहा था। आज सुबह 2 वर्षीय अंकित आदिवासी और 3 वर्षीय संदीप आदिवासी झोपड़ी में अकेले थे, तभी अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग धीरे-धीरे विकराल रूप लेती गई और दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। बच्चों की मौके पर ही जलने से दर्दनाक मौत हो गई।
जब बच्चों के माता-पिता लकड़ी लेकर झोपड़ी लौटे, तो सामने का दृश्य देखकर वे हैरान रह गए। दोनों मासूम बच्चों के जलने से वे गहरे सदमे में हैं। इस दौरान आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, झोपड़ी और दोनों बच्चे जलकर खाक हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद तहसीलदार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है।
