श्री सीमेंट की लापरवाही पर कलेक्टर का कड़ा एक्शन, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नोटिस जारी

बलौदाबाजार (शिखर दर्शन) // श्री सीमेंट प्लांट से निकलने वाली बदबूदार गैस के कारण खपराडीह स्कूल के बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले में अब सीमेंट कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। कलेक्टर दीपक सोनी ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए श्री सीमेंट के प्रबंधन को नोटिस जारी किया है और तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खपराडीह स्कूल में अचानक कई बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। इस घटना के बाद श्री सीमेंट प्लांट पर आरोप लगे थे कि प्लांट से निकलने वाली बदबूदार गैस के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने घटना के तुरंत बाद बच्चों से मिलने अस्पताल का दौरा किया था। इसके बाद कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए, जिसमें श्री सीमेंट कंपनी की लापरवाही उजागर हुई।
22 जनवरी 2025 को कलेक्टर के निर्देश पर एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया, जिसमें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिमगा, सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, हाईजिन लैब रायपुर और अन्य संबंधित अधिकारियों ने श्री सीमेंट के खपराडीह प्लांट की जांच की। जांच में पाया गया कि कंपनी ने कई नियमों का उल्लंघन किया है, खासकर कारखाना अधिनियम 1948 के तहत।
जांच रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि कारखाने के AFR (एडवांस फ्लूडाइज्ड रिएक्टर) क्षेत्र में मटेरियल और अपशिष्ट का भंडारण सही तरीके से नहीं किया गया था। इसके अलावा, कारखाने के आंतरिक मार्गों पर वाहनों के परिवहन के दौरान फ्यूजिटिव डस्ट उत्सर्जन भी हुआ, और हाउसकीपिंग व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी।
सहायक संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा ने कारखाने के प्रबंधकों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं और साथ ही 7 दिनों के अंदर जवाब देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं आता है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
श्री सीमेंट के खिलाफ नियमों का उल्लंघन करने को लेकर वैधानिक कार्रवाई भी की गई है। सहायक संचालक ने कारखाने के AFR भंडारण क्षेत्र, AFR फीडर और AFR श्रेडर मशीन को आगामी आदेश तक सील कर दिया है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि श्री सीमेंट की लापरवाही पर जिला प्रशासन और राज्य सरकार क्या कदम उठाती है, या यह केवल खानापूर्ति तक सीमित रह जाएगा।
