नक्सली चलपति को भगवान बताए जाने पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा की कड़ी प्रतिक्रिया, बोले- सैकड़ों हत्याओं के आरोपी के लिए ऐसी बात अजीब

डिप्टी सीएम विजय शर्मा की कड़ी प्रतिक्रिया: नक्सली चलपति को भगवान बताना समझ से परे
रायपुर (शिखर दर्शन) // दो दिन पहले मारे गए एक करोड़ के ईनामी नक्सली चलपति को उसके ससुर द्वारा भगवान बताए जाने पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि वह व्यक्ति, जिसने स्कूल बनाने में रुकावट डाली, बिजली-पानी पहुंचाने में अड़चन डाली, कई बच्चों को बेघर किया और पुलिस से मिलीभगत करते हुए सैकड़ों लोगों की हत्या की, उसे भगवान कहा जाए।
मनी म्यूल मामले में साइबर रेंज की सफलता
वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठन बैठक से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ में मनी म्यूल मामले में साइबर रेंज की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में 3 नाइजीरियनों सहित 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और पुलिस को और बड़ी सफलताएं मिलेंगी।
एनडीपीएस और साइबर क्राइम पर ठोस कदम
विजय शर्मा ने कहा कि एनडीपीएस और साइबर क्राइम के मामलों में पुलिस पूरी योजना के तहत कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में बाहर से आकर अपराध करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है, और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
VVPAT पर भूपेश बघेल के सवाल पर तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा EVM में VVPAT न होने को लेकर निर्वाचन आयोग से किए गए सवालों पर विजय शर्मा ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जो चुनाव हारने पर धरने पर बैठते हैं, और चुनाव जीतने पर कपड़े बदलकर शपथ लेते हैं।
