जलगांव ट्रेन हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, 11 की मौत, 40 घायल

जलगांव (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र के जलगांव जिले में लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग की अफवाह ने एक बड़ा हादसा कर दिया। जलगांव और परांडा स्टेशन के बीच हुई इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 यात्री घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैलते ही यात्री घबरा गए और चलती ट्रेन से कूदने लगे। इसी दौरान, दूसरी पटरियों पर तेज रफ्तार से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में कई यात्री आ गए। हादसे में कई यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि घायलों को तत्काल इलाज नहीं मिल पाया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुष्पक एक्सप्रेस मुंबई की ओर जा रही थी, जबकि कर्नाटक एक्सप्रेस दिल्ली की ओर। पुष्पक एक्सप्रेस के डिब्बों के नीचे से धुआं निकलते देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। डर के कारण कई यात्री ट्रेन से कूद पड़े और सामने से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

सीएम फडणवीस ने व्यक्त किया शोक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके सहयोगी मंत्री गिरीश महाजन और जिला प्रशासन घटना स्थल पर मौजूद हैं। जिला प्रशासन रेलवे के साथ मिलकर घायलों के इलाज और राहत कार्यों में जुटा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जा रही है।
यह घटना रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।



