छत्तीसगढ़ में ठंड से राहत: शुष्क हवाओं से बढ़ा तापमान, अगले दिनों में हल्की गर्मी का अहसास

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। शुष्क हवाओं और साफ आसमान के कारण दिन का तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में प्रदेश का तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। हालांकि, रात के तापमान में कोई बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं।
प्रदेश में वर्तमान में उत्तरी ठंडी हवाओं और समुद्री नमी वाली हवाओं का प्रभाव नहीं दिख रहा है। इसके चलते शुष्क हवा का असर जारी है, जिससे दिन और रात के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मंगलवार को तापमान में वृद्धि के कारण ठंड का असर कम महसूस हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और कम हो जाएगी, और हल्की गर्मी का अनुभव हो सकता है।
रायपुर का तापमान सामान्य से अधिक
प्रदेश के सभी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान मंगलवार को 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। वहीं, रात का तापमान सोमवार तक सामान्य से कम था, लेकिन मंगलवार को यह सामान्य से ऊपर 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होती रहेगी। इससे ठंड का असर खत्म होने लगेगा और दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी।